दौराला-हस्तिनापुर-बिजनौर वाया विदुर कुटी रेल लाइन की मांग तेज, सांसद चंदन चौहान ने रेल मंत्री से मांगी परियोजना की अपडेट

मेरठ/बिजनौर। दौराला-हस्तिनापुर-बिजनौर वाया विदुर कुटी नई रेलवे लाइन के निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर बिजनौर लोकसभा सांसद चंदन चौहान ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र की विभिन्न मांगों के साथ इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना की मौजूदा स्थिति और आगे की समय-सीमा की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

सांसद प्रतिनिधि युगांश राणा के अनुसार, सांसद चंदन चौहान ने रेल मंत्री को पत्र सौंपकर हस्तिनापुर-बिजनौर वाया विदुर कुटी नई रेल लाइन के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि यह परियोजना पूरी होने पर बिजनौर, हस्तिनापुर, विदुर कुटी और आसपास के क्षेत्रों को मेरठ समेत देश के प्रमुख शहरों से बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे क्षेत्र के धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

66 किलोमीटर रेल लाइन का हो चुका है सर्वे

सांसद की ओर से रेल मंत्री को दिए पत्र में बताया गया कि बिजनौर-हस्तिनापुर-मेरठ नई रेल लाइन के लिए करीब 66 किलोमीटर के रेल मार्ग का सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है। अब परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।

रेल मंत्रालय की ओर से 5 दिसंबर 2025 को सांसद को उपलब्ध कराई गई जानकारी में भी बताया गया था कि बिजनौर-हस्तिनापुर-मेरठ नई रेल लाइन के निर्माण के लिए DPR तैयार करने का काम प्रगति पर है। इससे पहले रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह की ओर से भी हस्तिनापुर और बिजनौर के बीच करीब 66 किलोमीटर नई रेल लाइन के सर्वेक्षण के पूरा होने और DPR तैयार किए जाने की जानकारी दी गई थी।

सांसद ने रेल मंत्री से पूछे चार अहम सवाल

सांसद चंदन चौहान ने अब परियोजना की वास्तविक प्रगति स्पष्ट करने के लिए रेल मंत्री से चार बिंदुओं पर अद्यतन जानकारी मांगी है।

1. 66 किलोमीटर नई रेल लाइन की DPR वर्तमान में किस स्तर पर है?

2. DPR का काम कब तक पूरा होने की संभावना है?

3. DPR पूरी होने के बाद परियोजना को मंजूरी और निर्माण की दिशा में अगली कार्रवाई क्या होगी और इसकी संभावित समय-सीमा क्या है?

4. यदि परियोजना के लिए संशोधित सर्वेक्षण, तकनीकी परीक्षण या कोई अन्य प्रक्रिया लंबित है तो उसकी वर्तमान स्थिति क्या है?

जनता को वास्तविक स्थिति बताना चाहते हैं सांसद

सांसद ने रेल मंत्री से परियोजना की वर्तमान स्थिति और संभावित समय-सीमा सहित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस रेल लाइन की उम्मीद लगाए हुए है। ऐसे में परियोजना की DPR से लेकर स्वीकृति और निर्माण तक की प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी जनता तक पहुंचना जरूरी है।

नई रेल लाइन बनने से दौराला, हस्तिनापुर, विदुर कुटी और बिजनौर क्षेत्र के बीच आवागमन आसान होने के साथ ही धार्मिक पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खासकर ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखने वाले हस्तिनापुर तथा विदुर कुटी के लिए बेहतर रेल संपर्क क्षेत्रीय पर्यटन को नई दिशा दे सकता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts