तेंदुए की दस्तक के बीच कांवड़ मार्ग का निरीक्षण, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त; यात्रियों को सतर्क रहने की अपील
मेरठ। हस्तिनापुर वन क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों की सूचना के बीच वन विभाग ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। वन संरक्षक मेरठ आदर्श कुमार और प्रभागीय निदेशक मेरठ वंदना फोगाट ने तेंदुआ प्रभावित क्षेत्र खेती मनिहार और कांवड़ मार्ग का गहन स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की परिस्थितियों का जायजा लिया और वनकर्मियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के साथ संभावित मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कांवड़ मार्ग के किनारे होगा स्प्रे का छिड़काव
वन संरक्षक आदर्श कुमार ने कांवड़ मार्ग से सटे वन क्षेत्र के किनारों पर निर्धारित Leopard Repellent Spray का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कांवड़ मार्ग और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी गश्त बढ़ाने को कहा गया है।
प्रभागीय निदेशक वंदना फोगाट ने वनकर्मियों को कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और तेंदुए की गतिविधि से जुड़ी किसी भी सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
वन विभाग चला रहा जागरूकता अभियान
क्षेत्रीय वन अधिकारी खुशबू उपाध्याय के निर्देशन में हस्तिनापुर वन विभाग की टीम लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है। इसके अलावा नियमित गश्त के साथ तेंदुए की तलाश और उसकी गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों और कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि तेंदुए से जुड़ी किसी भी सूचना की पुष्टि किए बिना अफवाह न फैलाएं। संदिग्ध गतिविधि या तेंदुए के दिखाई देने की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।
मुजफ्फरनगर की ओर गतिविधि की सूचना
वन विभाग को मिली सूचनाओं के अनुसार तेंदुए की गतिविधि मुजफ्फरनगर की दिशा में भूमा क्षेत्र की ओर होने की जानकारी मिली है। हालांकि, विभाग इन सूचनाओं का सत्यापन कर रहा है और तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
तेंदुआ दिखे तो भीड़ न लगाएं
प्रभागीय निदेशक वंदना फोगाट ने कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जंगल के किनारे अनावश्यक रूप से न रुकें और रात के समय अकेले जंगल क्षेत्र की ओर न जाएं।
उन्होंने अपील की कि यदि कहीं तेंदुआ दिखाई देता है तो उसके पास जाने, उसका पीछा करने या मौके पर भीड़ लगाने की कोशिश न करें। तेंदुए की गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सके।
निरीक्षण के दौरान वनकर्मी अंकित यादव, ऋषभ सिंह, अतुल स्वामी, राजेश्वर, खुशीराम, धर्मेंद्र ढाका समेत अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment