आईआईएमटी एकेडमी में विशेषज्ञों ने दिए तनाव मुक्त शिक्षण के प्रभावी मंत्र
- तनाव प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन
मेरठ। आईआईएमटी एकेडमी गंगानगर में शिक्षकों के ज्ञानवर्धन, मानसिक स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई, नोएडा) के तत्वावधान में तनाव प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री योगेश मोहनजी गुप्ता, प्रतिकुलाधिपति डा0 मयंक अग्रवाल, प्रबंध संचालिका श्रीमती पियांशु अग्रवाल जी एवं एकेडमी के निदेशक डा0 पी. के. शर्मा जी ने शिक्षकों के विकास और उनके मानसिक कल्याण के लिए ऐसे आयोजनों को अत्यंत आवश्यक और समय की मांग बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ताओं वरिष्ठ अंग्रेजी शिक्षाविद् ऋषि सेठ एवं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ व बाल सुरक्षा प्रशिक्षक बेबी शाजिया, एकेडमी की प्रधानाचार्या अलका शर्मा तथा सभी विभागों की संयोजिकाओं द्वारा विद्या की देवी माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित करके किया गया। तत्पश्चात मुख्य वक्ताओं ने सत्र की शुरुआत में सभी शिक्षकों को ध्यान (मेडिटेशन) कराकर मानसिक शांति व तनाव मुक्ति का अनुभव कराया।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता ऋषि सेठ (चार दशकों का शैक्षणिक अनुभव एवं सीबीएसई के वरिष्ठ प्रशिक्षक) ने शिक्षकों के अध्यापन कौशल को निखारने तथा परीक्षा व दैनिक शिक्षण के दौरान उत्पन्न होने वाले मानसिक तनाव को नियंत्रित करने के व्यावहारिक उपाय साझा किए। द्वितीय सत्र में मुख्य वक्ता बेबी शाजिया (14 वर्षों का अनुभव, वरिष्ठ परामर्श मनोविज्ञानी, बाल मनोविज्ञान विशेषज्ञ व बाल सुरक्षा अधिनियम प्रशिक्षक) ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच भावनात्मक संतुलन, बाल सुरक्षा नियमों, समावेशी शिक्षा तथा सकारात्मक व्यवहार प्रबंधन पर प्रकाश डाला। कार्यशाला में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को दैनिक जीवन में तनाव से निपटने तथा कक्षा में सकारात्मक माहौल बनाने की तकनीकें सिखाई गईं।
कार्यक्रम के अंत में एकेडमी की प्रधानाचार्या अलका शर्मा ने सीबीएसई बोर्ड, आमंत्रित मुख्य विशेषज्ञों तथा विभिन्न विद्यालयों से आए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।


No comments:
Post a Comment