- सांसद अविनाश रेड्डी के छह ठिकानों पर ईडी की रेड
हैदराबाद (एजेंसी)।प्रवर्तन निदेशालय ने वाई.एस. विवेकानंद रेड्डी हत्याकांड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शुक्रवार को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में छह ठिकानों पर तलाशी ली। इनमें सांसद वाई.एस. अविनाश रेड्डी और उनके पिता वाई.एस. भास्कर रेड्डी से जुड़े परिसर भी शामिल हैं। ईडी 4 करोड़ रुपये के कथित भुगतान समेत हत्या से पहले हुए वित्तीय लेनदेन और पैसों की आवाजाही की जांच कर रही है। यह कार्रवाई सीबीआई की जांच और चार्जशीट के आधार पर दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग मामले के तहत की गई है।
ईडी के अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह तलाशी अभियान शुरू किया। जांच एजेंसी की टीमों ने हैदराबाद में दो और कडप्पा जिले में चार ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। इन सभी स्थानों पर मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
ईडी इस मामले में हत्या से पहले हुए वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। आरोप है कि विवेकानंद रेड्डी की हत्या के लिए 4 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि रकम का लेनदेन कैसे हुआ, पैसा किन लोगों तक पहुंचा और क्या इस पूरी प्रक्रिया में मनी लॉन्ड्रिंग हुई।


No comments:
Post a Comment