छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप, स्कूल प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा

गोरखपुर में वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप, परिजनों की शिकायत पर पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में केस; आरोपी फरार

गोरखपुर। जिले के गोला थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के प्रबंधक पर छात्रा से कथित तौर पर अनुचित संबंध बनाने का दबाव डालने का गंभीर आरोप लगा है। मामले से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। छात्रा के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो में स्कूल प्रबंधक छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालते हुए उसे पढ़ाई और भविष्य संवारने का लालच देता सुनाई दे रहा है। छात्रा कथित तौर पर इसका विरोध करती है और ऐसी शर्त पर किसी तरह की मदद लेने से इनकार करती है। ऑडियो में प्रबंधक की ओर से छात्रा को शहर में रखकर पढ़ाने और उसका खर्च उठाने की बात कहे जाने का भी दावा किया जा रहा है।

कई दिनों से परेशान करने का आरोप

छात्रा के परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधक पिछले कई दिनों से उसे परेशान कर रहा था। शुरुआत में छात्रा ने परिवार के लोगों को इस बारे में जानकारी नहीं दी, लेकिन बाद में उसने कथित घटनाक्रम के बारे में बताया। इसी बीच बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

परिजन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गोला थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में केस

सीओ गोला दरवेश कुमार के अनुसार, छात्रा के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी स्कूल प्रबंधक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts