एशियन गेम्स में मेरठ का दमखम, चार महिला एथलीट भारतीय टीम में

पारुल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी, अन्नू रानी और नीरू पाठक को मिला मौका, पदक पर नजर

मेरठ। एशियन गेम्स 2026 में मेरठ की खेल प्रतिभा का दमखम देखने को मिलेगा। भारतीय टीम में मेरठ से जुड़ी चार महिला एथलीटों का चयन हुआ है। इनमें स्टार धाविका पारुल चौधरी, रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी, जैवलिन थ्रोअर अन्नू रानी और 4×400 मीटर रिले धाविका नीरू पाठक शामिल हैं। चारों खिलाड़ी जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

5000 मीटर में उतरेंगी पारुल

मेरठ की स्टार लंबी दूरी की धाविका पारुल चौधरी एशियन गेम्स में 5000 मीटर स्पर्धा में भारत की चुनौती पेश करेंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चुकी पारुल से एक बार फिर पदक की उम्मीद है।

पैदल चाल में प्रियंका गोस्वामी पर नजर

रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी भी भारतीय दल में शामिल हैं। प्रियंका ने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई थी। अब एशियन गेम्स में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

अन्नू रानी फिर दिखाएंगी जैवलिन का दम

मेरठ के बहादुरपुर गांव से जुड़ी स्टार भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। पिछले एशियन गेम्स में पदक जीत चुकी अन्नू इस बार भी जैवलिन थ्रो में भारत की दावेदारी मजबूत करेंगी।

नीरू पाठक रिले टीम में शामिल

मूल रूप से अलीगढ़ की रहने वाली नीरू पाठक ने मेरठ की NAS Sports Academy में प्रशिक्षण लिया है। 400 मीटर में क्वालिफाइंग प्रदर्शन के बाद उनका चयन भारतीय महिला 4×400 मीटर रिले टीम में हुआ है। उनके चयन से मेरठ की खेल अकादमी और परिवार में खुशी का माहौल है।

19 सितंबर से शुरू होंगे एशियन गेम्स

आइची-नागोया, जापान में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक एशियन गेम्स 2026 का आयोजन होगा। चारों खिलाड़ियों के चयन से मेरठ के खेल प्रेमियों में उत्साह है। परिवार, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर देश के साथ मेरठ का भी नाम रोशन करेंगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts