आवारा कुत्तों ने किसान को नोचकर मार डाला, खेत में मिला शव
गन्ने की बंधाई करने खेत गए थे 58 वर्षीय लख्मी; पोते ने कुत्तों के झुंड को शव नोचते देखा, ग्रामीणों में आक्रोश
मेरठ। जानी खुर्द थाना क्षेत्र के किठौली गांव में मंगलवार को आवारा कुत्तों के झुंड ने 58 वर्षीय किसान लख्मी की जान ले ली। वह सुबह करीब आठ बजे गन्ने के खेत में बंधाई का काम करने गए थे। शाम तक घर नहीं लौटे तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। पोता खेत पर पहुंचा तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। कुत्तों का झुंड लख्मी के शरीर को नोच रहा था।
पोता शोर मचाते हुए गांव की ओर भागा और परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर खेत पहुंचे। लोगों को आता देखकर कुत्ते वहां से भाग गए। ग्रामीणों ने खेत में लख्मी को गंभीर हालत में पाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पोते ने देखा दिल दहला देने वाला दृश्य
किठौली निवासी लख्मी पुत्र रामशरण मंगलवार सुबह खेत पर गए थे। शाम करीब चार बजे तक जब वह वापस नहीं लौटे तो उनके बड़े बेटे जितेंद्र ने अपने बेटे ईशांत को दादा को देखने के लिए खेत भेजा।
ईशांत गन्ने के खेत में पहुंचा तो उसने कुत्तों के झुंड को लख्मी के शरीर को नोचते देखा। वह घबरा गया और चीखता हुआ गांव की ओर दौड़ा। उसकी सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
एक घंटे तक शव नहीं उठने दिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने इलाके में लंबे समय से बनी आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कुत्तों के झुंड खेतों में काम करने वाले किसानों और बच्चों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं।
ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दिया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
परिवार में मचा कोहराम
लख्मी अपने पीछे पत्नी उषा, दो बेटे जितेंद्र और अंकुर तथा पोते-पोतियों को छोड़ गए हैं। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और दोनों बेटों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान चलेगा
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को भी घटना की जानकारी दी गई है। आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए जल्द अभियान चलाया जाएगा।


No comments:
Post a Comment