पैंठ बाजार में ग्राहक बनकर चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार
चोरी के कपड़े और कॉस्मेटिक सामान बरामद
मेरठ। लालकुर्ती के पैंठ बाजार में दुकानों पर ग्राहक बनकर चोरी करने वाली एक महिला को दुकानदारों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी महिला के पास से तीन जोड़ी लेडीज सूट के अलावा परफ्यूम, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, बिंदी, लिपस्टिक समेत काफी सामान बरामद हुआ है। पुलिस को आशंका है कि महिला अकेले चोरी नहीं करती थी और उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
लालकुर्ती थाना प्रभारी हरेंद्र पाल सिंह के अनुसार, 25 अगस्त को बकरी मोहल्ला निवासी उमंग पुत्र रमेश कुमार कौशल की लालकुर्ती बाजार स्थित दुकान से तीन जोड़ी लेडीज सूट चोरी हो गए थे। दुकानदारों को एक महिला पर शक हुआ। उन्होंने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली।
बैग में मिले कई दुकानों के सामान
तलाशी के दौरान बैग से उमंग की दुकान से चोरी किए गए तीनों जोड़ी सूट बरामद हो गए। इसके अलावा बैग में परफ्यूम, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, बिंदी, लिपस्टिक समेत अन्य सामान भी मिला। इससे आशंका जताई गई कि महिला ने पैंठ बाजार की दूसरी दुकानों से भी सामान चोरी किया था। दुकानदारों ने महिला को पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रेखा पत्नी स्वर्गीय राहुल, निवासी चूड़ियों वाली गली, गोल मार्केट, बस अड्डे के पास, कोतवाली गाजियाबाद बताया। पुलिस अब बरामद हुए अन्य सामान के संबंध में दुकानदारों से जानकारी जुटा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि वह किन दुकानों से चोरी किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज से भी जांच
पुलिस के मुताबिक, लालकुर्ती पैंठ बाजार में पिछले कुछ समय से चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। भीड़ का फायदा उठाकर दुकानों से सामान चोरी करने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज और दुकानदारों की सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस को शक है कि रेखा के साथ अन्य महिलाएं या साथी भी चोरी की वारदातों में शामिल हो सकते हैं। पूछताछ के आधार पर संभावित साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, रेखा पहले ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम सेक्टर-4 में भी रह चुकी है। उसके पुराने ठिकानों और संपर्कों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
गुरुवार को कोर्ट में पेशी
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिला ने लालकुर्ती और आसपास के बाजारों में कितनी अन्य चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। थाना प्रभारी हरेंद्र पाल सिंह के अनुसार, आरोपी महिला को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment