बिहार में जीत के बाद मुंबई पहुंचे प्रशांत किशोर

 सुनेत्रा पवार से मुलाकात के बाद सियासी हलचल तेज

मुंबई। बिहार विधानसभा चुनाव में सफलता के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के मुंबई पहुंचने और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री एवं एनसीपी (अजित पवार गुट) की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार से मुलाकात के बाद राज्य की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं। दोनों नेताओं की मुलाकात मुंबई स्थित देवगिरी बंगले में हुई। बैठक में सांसद पार्थ पवार भी मौजूद रहे।

सूत्रों के मुताबिक, मुलाकात के दौरान महाराष्ट्र की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठन को मजबूत करने और भविष्य की रणनीति समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि, एनसीपी नेताओं ने इसे सामान्य राजनीतिक मुलाकात बताया है और किसी भी तरह के राजनीतिक गठजोड़ या समझौते के संकेतों से इनकार किया है।

बिहार चुनाव के बाद पहली बार मुंबई पहुंचे PK

बिहार के बांकीपुर से चुनाव जीतने के बाद प्रशांत किशोर पहली बार महाराष्ट्र पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि वह चुनावी जीत के बाद सुनेत्रा पवार से मुलाकात कर शुभकामनाएं स्वीकार करने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी सांसद पार्थ पवार से भी मुलाकात हुई।

प्रशांत किशोर और पवार परिवार के बीच यह पहली मुलाकात नहीं है। करीब दो महीने पहले भी किशोर ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात की थी। उस समय भी पार्थ पवार बैठक में मौजूद थे।

दो महीने पहले भी हुई थी मुलाकात

पिछली मुलाकात के बाद पार्थ पवार ने प्रशांत किशोर की राजनीतिक और सामाजिक समझ की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि किशोर को न केवल राजनीति बल्कि समाज की भी अच्छी समझ है। उस बैठक में महाराष्ट्र, देश और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की बात सामने आई थी।

पार्थ पवार ने यह भी कहा था कि अजित पवार और प्रशांत किशोर के पुराने संबंध रहे हैं और मुंबई में मुलाकात के दौरान दोनों के बीच अच्छी बातचीत हुई थी।

फिलहाल, प्रशांत किशोर और सुनेत्रा पवार की ताजा मुलाकात को लेकर किसी औपचारिक राजनीतिक समझौते या गठबंधन की घोषणा नहीं हुई है। इसके बावजूद बिहार में किशोर की चुनावी सफलता के बाद महाराष्ट्र में पवार परिवार से उनकी लगातार हो रही मुलाकात ने सियासी अटकलों को जरूर हवा दे दी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts