नमो भारत स्टेशन के नीचे बर्थडे पार्टी में बवाल

‘घूरने’ को लेकर दो गुट भिड़े; पुलिस सीमा विवाद में उलझी

 मेरठ।शताब्दी नगर स्थित नमो भारत स्टेशन के नीचे  जन्मदिन की पार्टी के दौरान मामूली बात को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। लिसाड़ी गांव, मोहकमपुर और रिठानी क्षेत्र के युवकों के बीच एक-दूसरे को घूरने को लेकर पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद लात-घूंसों तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों गुट अलग-अलग बैठे थे। इसी दौरान एक-दूसरे को घूरने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। कुछ देर बाद दोनों पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए। मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटनास्थल के थाना क्षेत्र को लेकर पुलिस में असमंजस

सूचना मिलने पर शाप्रिक्स माल चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, घटनास्थल परतापुर थाना क्षेत्र में आने के कारण पुलिस को सीमा को लेकर असमंजस का सामना करना पड़ा। इसके बाद ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शाप्रिक्स माल चौकी पहुंचाया। वहीं रिठानी पुलिस चौकी से भी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और दोनों पक्षों को अपने साथ ले गया।

थाना प्रभारी अजय शुक्ला के अनुसार, बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। किसी भी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts