कांग्रेस ने पीएम मोदी पर लगाया 'विक्टिम कार्ड' खेलने का आरोप

नई दिल्ली (एजेंसी)।कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन युवाओं को माफ करने की बात कहकर 'विक्टिम कार्ड' खेल रहे हैं, जिन्होंने उन्हें अपशब्द कहे थे। विपक्षी पार्टी ने मांग की कि प्रधानमंत्री प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई 'बर्बर कार्रवाई' और पेपर लीक के कारण युवाओं को हुई परेशानी के लिए माफी मांगें।
विपक्षी पार्टी ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री की 'इंस्टाग्राम सभाएं' अब किसी को प्रभावित नहीं कर रही हैं। उन्होंने इसे 'अत्यधिक आत्ममुग्धता' का उदाहरण बताया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, बीती रात प्रधानमंत्री ने आत्ममुग्धता की पराकाष्ठा दिखाते हुए कहा कि उन्होंने हमारे युवाओं को माफ कर दिया है। यह देश और उन युवाओं का अपमान है, जिन्होंने उनकी सरकार के दौरान पीड़ा झेली है और जो पूरी तरह न्यायोचित रूप से उनसे माफी की मांग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार रात इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें इस बात का दुख है कि जंतर-मंतर पर उनकी दिवंगत मां को भी 'अपशब्द' कहे गए। उन्होंने यह भी कहा कि 'हमारी बेटियों' ने भी ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही उन्होंने 'भटके हुए बच्चों' को माफ करने की बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह समाज में मौजूद पीड़ा को समझते हैं, लेकिन यह समय युवाओं को सही रास्ता दिखाने का है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts