ग्राम कैली में नशा मुक्ति, टीबी मुक्त एवं सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान

मेरठ। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, सालावा के तत्वावधान में रविवार को ग्राम कैली में नशा मुक्ति, टीबी मुक्त भारत एवं सर्वाइकल कैंसर (एचपीवी टीकाकरण) को लेकर जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं और बालिकाओं को स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन के लिए प्रेरित करना रहा। ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव, टीबी की रोकथाम, समय से जांच एवं उपचार तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई।

अभियान से एक दिन पूर्व 22 अगस्त को उच्च प्राथमिक विद्यालय, कैली की प्रधानाध्यापिका श्रीमती गायत्री देवी के साथ बैठक कर 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं को एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सरधना के डॉ. संदीप गौतम एवं आशा कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित किया गया।

रविवार को आयोजित कार्यक्रम में युवाओं से नशे से दूर रहने तथा योग, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन गतिविधियों से युवाओं का शारीरिक, मानसिक और चारित्रिक विकास मजबूत होता है।

कार्यक्रम मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. पवित्रा देवी ने संपन्न कराया। इस दौरान समाजसेवी श्री प्रेमचंद शर्मा, प्रधान प्रतिनिधि श्री राहुल शर्मा, ग्राम प्रधान श्री तौहीद, पुलिस चौकीदार श्री अशोक शर्मा, पंचायत सहायक आर्यन सोम, सीएचसी की आशा कार्यकर्ता, महिला समूहों के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने ग्राम कैली को नशा मुक्त, टीबी मुक्त और स्वस्थ ग्राम बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। साथ ही पात्र बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण के लिए अधिक से अधिक प्रेरित करने की प्रतिबद्धता जताई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts