कृष्णा अग्रवाल मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन
मेरठ, 17 अगस्त। मेरठ फुटबॉल एसोसिएशन से पंजीकृत श्रीमती कृष्णा अग्रवाल मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का सोमवार को जेपी एकेडमी फुटबॉल ग्राउंड में समापन हुआ। मेरठ स्पोर्टिंग फुटबॉल अकादमी द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के अंडर-16 और अंडर-19 वर्ग में 16-16 टीमों ने प्रतिभाग किया।
अंडर-16 वर्ग के फाइनल में टॉपखाना फुटबॉल क्लब (TFC) ने जलवायु फुटबॉल अकादमी को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। TFC की ओर से अमन ने निर्णायक गोल किया। उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया, जबकि जलवायु एफसी के रोहित को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार मिला।
अंडर-19 वर्ग के फाइनल में इंटरनेशनल फुटबॉल अकादमी ने मेरठ स्पोर्टिंग फुटबॉल अकादमी को 1-0 से पराजित किया। विजेता टीम के वरिश ने शानदार फ्री-किक से निर्णायक गोल किया। मेरठ स्पोर्टिंग के आरव को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तथा इंटरनेशनल फुटबॉल अकादमी के रोहन को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में जेपी स्कूल के निदेशक डॉ. विशाल अग्रवाल, व्यापार मंडल भाजपा मेरठ के सह-संयोजक अमर शर्मा, राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव रिचा सिंह और मेरठ फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव ललित पंत मौजूद रहे। आयोजक सिद्धार्थ राठी, गौरव तोमर, सत्यम तोमर और आर्यन तोमर ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देना है। फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से मैदान पर मौजूद दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।


No comments:
Post a Comment