कांवड़ मार्ग पर खुद उतरे डीएम, श्रद्धालुओं से पूछा हाल
नानू पुल से भोले की झाल तक गंग नहर पटरी मार्ग का निरीक्षण, स्वास्थ्य शिविर, बाइक एम्बुलेंस और सुरक्षा व्यवस्था परखी
मेरठ। कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने गंग नहर पटरी कांवड़ मार्ग पर पहुंचकर नानू पुल से भोले की झाल तक विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने पैदल और वाहन से मार्ग का जायजा लेने के साथ कांवड़ियों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सड़क की स्थिति, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, जल निकासी, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, मोबाइल शौचालय, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बारीकी से पड़ताल की। उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों और बाइक एम्बुलेंस की उपलब्धता की भी जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए कि दवाइयों और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था हर समय दुरुस्त रहे, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
श्रद्धालुओं से लिया व्यवस्थाओं का फीडबैक
डीएम ने कांवड़ियों से बातचीत कर मार्ग पर उपलब्ध सुविधाओं और किसी तरह की परेशानी के बारे में जानकारी ली। कई श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि मार्ग पर चिकित्सा, पेयजल, सफाई और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था होने से उनकी यात्रा सुगम बनी हुई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी रखें और जहां भी कोई कमी सामने आए, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा पूरी होने तक सभी व्यवस्थाएं पूरी क्षमता के साथ संचालित होती रहें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनकी शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह, पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment