हरिद्वार-सहारनपुर जाने वाली चार ट्रेनें घंटों लेट

 मेरठ सिटी स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों और कांवड़ियों की भीड़ 

 मेरठ। कांवड़ यात्रा के चलते हरिद्वार जाने वाले कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। शनिवार को हरिद्वार और सहारनपुर की ओर जाने वाली चार प्रमुख ट्रेनें करीब डेढ़ से तीन घंटे तक विलंबित रहीं। उमस भरी गर्मी में यात्रियों और कांवड़ियों को ट्रेनों के इंतजार में काफी परेशानी उठानी पड़ी। 

 दोपहर के समय प्लेटफार्म नंबर तीन पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। अंबाला एक्सप्रेस के आने पर ट्रेन में प्रवेश के लिए यात्रियों में धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। खचाखच भरी ट्रेन में यात्रियों को गर्मी और भीड़ के बीच सफर करना पड़ा। दिल्ली से अंबाला जाने वाली ट्रेन अपने निर्धारित समय दोपहर पौने तीन बजे के बजाय करीब सवा चार बजे मेरठ सिटी पहुंची। वहीं, दिल्ली-सहारनपुर मेमू भी करीब एक घंटा 40 मिनट की देरी से शाम 5:20 बजे स्टेशन पहुंची। पुरी से ऋषिकेश जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस, जिसका मेरठ पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 2:52 बजे है, शनिवार को करीब पौने छह बजे पहुंची। बांद्रा टर्मिनस-अमृतसर गोल्डन टेंपल मेल भी करीब सवा घंटे की देरी से शाम पौने पांच बजे मेरठ सिटी पहुंची। ट्रेन का इंतजार कर रहे परतापुर निवासी हिमांशु ने बताया कि वह तीन साथियों के साथ कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहे हैं। उन्हें सोमवार को हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटना है। करीब 50 लीटर गंगाजल लाने के लिए वे पहले ही रवाना हो गए हैं। रेलवे ट्रैक के किनारे दीवार बनाने का विरोध मेरठ सिटी स्टेशन से हापुड़ जाने वाले रेलवे ट्रैक के किनारे सुरक्षा के लिए बनाई जा रही दीवार का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है। नई बस्ती, शिवहरि मंदिर कॉलोनी, चंद्रलोक और इंदिरापुरम के निवासियों ने शनिवार को सांसद अरुण गोविल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। पार्षद राजेंद्र उपाध्याय ने कहा कि दीवार बनने से स्थानीय लोगों के आवागमन में परेशानी बढ़ गई है। बच्चों को स्कूल जाने में भी दिक्कत हो रही है। साथ ही क्षेत्र में नालों की नियमित सफाई नहीं होने की समस्या भी सांसद के सामने रखी गई। इस दौरान अनिल अग्रवाल, सतपाल, सुनील दत्त शर्मा, जय भगवान और कमल कुमार मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts