भिंड में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-लोडिंग वाहन की टक्कर में यूपी के आठ मजदूरों की मौत

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक और लोडिंग वाहन की आमने-सामने टक्कर में उत्तर प्रदेश के आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।

धान की रोपाई कर घर लौट रहे थे मजदूर

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब एक बजे हुआ। लखीमपुर खीरी और आसपास के क्षेत्रों के मजदूर मध्य प्रदेश के चीनोर इलाके में धान की रोपाई का काम करने गए थे। काम पूरा होने के बाद मजदूर लोडिंग वाहन में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छीमका गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से वाहन की सीधी टक्कर हो गई।

गोवंश को बचाने में अनियंत्रित हुआ वाहन

पुलिस के मुताबिक छीमका मोड़ के पास सड़क पर गोवंश बैठे थे। उन्हें बचाने के प्रयास में लोडिंग वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को गोहद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में पांच लोगों को मृत घोषित किया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया, जहां पहुंचने से पहले तीन और घायलों की मौत हो गई। इस तरह मृतकों की संख्या आठ हो गई।

सीएम योगी ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार से समन्वय कर मृतकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मृतक के परिवार को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए।

हाईवे पर आवारा गोवंश को लेकर सवाल

हादसे के बाद नेशनल हाईवे-719 पर सड़क सुरक्षा और हाईवे पर आवारा गोवंश की मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। घायलों में कई लोगों को फ्रैक्चर समेत गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

इससे पहले सात अगस्त को भी गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में नेपाल से पुणे जा रही यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। उस हादसे में एक महिला यात्री की मौत हुई थी और 15 लोग घायल हुए थे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts