AAP विधायक कुलदीप कुमार को घर से ले जाने का पार्टी का दावा, पुलिस की ओर से प्रतिक्रिया नहीं
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार को मंगलवार तड़के उनके आवास से अपने साथ ले गई। पार्टी के मुताबिक करीब 20 पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में सुबह लगभग चार बजे विधायक के घर पहुंचे और उन्हें अज्ञात स्थान पर ले गए। हालांकि, दिल्ली पुलिस की ओर से इस दावे पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दावा किया कि विधायक को उनके घर से ले जाने के बाद उनके बारे में परिवार और पार्टी को कोई जानकारी नहीं दी गई है। पार्टी का यह भी आरोप है कि विधायक को अपना मोबाइल फोन तक साथ ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
सफाई कर्मचारी की हत्या के मामले में उठा रहे थे आवाज
कुलदीप कुमार की टीम के अनुसार, दिल्ली में सफाई कर्मचारी अनिल की चाकू मारकर हत्या के बाद विधायक पीड़ित परिवार को न्याय और मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। पार्टी का कहना है कि विधायक पिछले दो दिनों से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से पीड़ित परिवार की मुलाकात कराने की मांग भी उठा रहे थे।
आज सुबह प्रस्तावित था धरना
बताया गया कि कुलदीप कुमार सोमवार से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में समर्थकों के साथ धरने पर बैठे थे। सफाई कर्मचारी की मौत के मामले में मंगलवार सुबह नौ बजे बड़े धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। इससे पहले विधायक ने वीडियो संदेश भी जारी किया था।
आप का आरोप है कि प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने विधायक को उनके घर से हिरासत में ले लिया। पार्टी ने यह भी दावा किया कि मृतक सफाई कर्मचारी के परिवार पर अंतिम संस्कार को लेकर दबाव बनाया जा रहा है।
हालांकि, विधायक को किस मामले में और कहां ले जाया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। दिल्ली पुलिस अथवा सरकार की ओर से इस संबंध में बयान आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।


No comments:
Post a Comment