डेढ़ सौ साल पुराना मकान गिरा, चार परिवार बाल-बाल बचे

मेरठ। सदर बाजार थाना क्षेत्र के धर्मपुरी ढोलकी मोहल्ले में रविवार सुबह करीब 150 साल पुराने तीन मंजिला मकान का अगला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान में चार परिवार मौजूद थे। तेज आवाज के साथ मलबा गिरते ही सभी लोग आनन-फानन में बाहर निकल आए। गनीमत रही कि उस समय मकान के सामने कोई राहगीर या आसपास का व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कलावती करीब 80 साल से इसी मकान में रह रही हैं। उन्होंने मकान के कुछ हिस्से किराये पर भी दे रखे हैं। वर्ष 1982 से राजू अपने परिवार के साथ यहां रह रहे हैं। इसके अलावा विनीत, सोनू और अशोक के परिवार भी इसी मकान में रहते हैं। तीन मंजिला मकान में करीब 14 कमरे बताए गए हैं।

परिवार के लोगों ने बताया कि शनिवार तड़के करीब चार बजे हुई बारिश के बाद मकान के अगले हिस्से का एक पिलर गिर गया था। सुबह परिवार के लोगों ने किसी तरह पिलर और उससे जुड़ा मलबा हटाया था। इसके बावजूद मकान का अगला हिस्सा कमजोर बना रहा।

रविवार सुबह अचानक मकान के अगले हिस्से में तेज आवाज हुई और देखते ही देखते बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। मलबा गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी घबराकर बाहर निकल आए। कुछ ही देर में मौके पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

छुट्टी का दिन होने से सभी परिवार घर पर थे

हादसे के समय मकान में रहने वाले चारों परिवार अंदर मौजूद थे। अचानक हिस्सा गिरने से घर में चीख-पुकार मच गई। सभी लोग किसी तरह बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे।

मकान में रहने वाले विनीत ने बताया कि रविवार होने के कारण सभी परिवार घर पर थे। स्कूली बच्चों की भी छुट्टी थी, इसलिए वे भी घर के अंदर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि अगर हादसा किसी सामान्य कार्यदिवस में हुआ होता तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।

मकान का कुछ हिस्सा अब भी खतरनाक स्थिति में लटका हुआ है। स्थानीय लोगों में इसे लेकर दहशत है और किसी और हिस्से के गिरने की आशंका बनी हुई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts