हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर, एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई
खरगे के ‘शुद्धिकरण’ विवाद में नया मोड़; शिकायतकर्ता ने राहुल पर दलित भावनाएं आहत करने का लगाया आरोप
हल्द्वानी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद में अब सियासी घमासान के साथ कानूनी लड़ाई भी तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किए जाने की खबर है। मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
बताया गया है कि शुद्धिकरण कार्यक्रम में शामिल लोगों की ओर से राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी ने कार्यक्रम को जातीय रंग देते हुए ऐसी टिप्पणियां कीं, जिससे दलित समाज और कार्यक्रम में शामिल लोगों की भावनाएं आहत हुईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की है।
खरगे की रैली के बाद हुआ था ‘शुद्धिकरण’
विवाद की शुरुआत हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम से हुई थी। कांग्रेस ने इसे दलितों के अपमान और छुआछूत की मानसिकता से जोड़ते हुए कड़ी आपत्ति जताई थी।
राहुल गांधी ने भी इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी। उन्होंने इसे संविधान और दलित सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया था।
शुद्धिकरण करने वालों ने लगाए पलटवार के आरोप
वहीं, शुद्धिकरण कार्यक्रम में शामिल श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास के सदस्य विनोद आर्य ने राहुल गांधी के खिलाफ ही कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि वह स्वयं दलित हैं और कार्यक्रम में उनके साथ अन्य दलित समाज के लोग भी शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयानों से उनके समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।
कांग्रेस-भाजपा के बीच बढ़ा सियासी टकराव
इस घटनाक्रम के बाद हल्द्वानी का शुद्धिकरण विवाद अब कांग्रेस और भाजपा के बीच बड़े राजनीतिक टकराव में बदल गया है। कांग्रेस जहां इसे दलित सम्मान और सामाजिक समानता का मुद्दा बता रही है, वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत और एफआईआर ने मामले को नया राजनीतिक मोड़ दे दिया है।
मामले में पुलिस की जांच के बाद आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।


No comments:
Post a Comment