मेरठ में खाकी के हाथों में तिरंगा, बाइक पर सीओ संग्राम सिंह ने संभाली कमान; देशभक्ति नारों से गूंजा शहर

मेरठ। स्वतंत्रता दिवस से पहले शुक्रवार को मेरठ पुलिस भी देशभक्ति के रंग में नजर आई। पुलिस लाइन से तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसे एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाइक और वाहनों पर सवार पुलिसकर्मियों के हाथों में तिरंगा लहराता नजर आया।

सीओ कोतवाली संग्राम सिंह भी बाइक पर तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और पुलिसकर्मियों के साथ आगे बढ़ते हुए यात्रा का नेतृत्व किया। वर्दी में तिरंगा थामे पुलिसकर्मियों के काफिले ने शहरवासियों में भी देशभक्ति का जोश भर दिया।

इन प्रमुख मार्गों से गुजरी तिरंगा यात्रा

तिरंगा यात्रा पुलिस लाइन से शुरू होकर अंबेडकर चौराहा, ईव्ज चौराहा, बच्चा पार्क, राजकीय इंटर कॉलेज और सोतीगंज होते हुए बेगमपुल पहुंची। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने देशभक्ति के नारे लगाए। मार्ग में कई स्थानों पर लोगों ने पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाया।

बाइक पर तिरंगा लेकर आगे चले सीओ

यात्रा का खास आकर्षण सीओ कोतवाली संग्राम सिंह रहे। उन्होंने वाहन छोड़कर बाइक से यात्रा में हिस्सा लिया और हाथ में तिरंगा थामकर पुलिसकर्मियों के साथ आगे बढ़े। उनके पीछे पुलिसकर्मियों का काफिला चलता रहा।

महिला पुलिसकर्मियों ने भी बढ़ाया उत्साह

तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों ने भी हिस्सा लिया। पुलिसकर्मियों में पूरे रास्ते खासा उत्साह नजर आया। तिरंगा लेकर शहर के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा के जरिए पुलिस ने राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से जोड़ने का संदेश दिया।

बेगमपुल पहुंचने के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts