"राम मंदिर भेजा तो हो जाएगी चोरी", बोरी में चंदे की रकम लेकर संसद पहुंचे सपा सांसद

दो हफ्ते में दानपात्र से जुटाए 1.57 लाख रुपये, सपा बोली- संसद सत्र के बाद कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर में करेंगे दान

नई दिल्ली। अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में कथित चोरी के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी का संसद परिसर में चल रहा विरोध प्रदर्शन अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। बुधवार को सपा सांसद करीब दो सप्ताह के प्रदर्शन के दौरान जुटाए गए चंदे की रकम को बोरी में भरकर संसद परिसर पहुंचे। पार्टी का दावा है कि इस दौरान दानपात्र में सांसदों और अन्य लोगों से कुल 1.57 लाख रुपये जमा हुए हैं।

सपा सांसदों ने आरोप लगाया कि यदि यह रकम राम मंदिर भेजी गई तो वहां भी इसके चोरी होने का खतरा हो सकता है। पार्टी ने घोषणा की है कि संसद का मानसून सत्र समाप्त होने के बाद पूरी रकम दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में दान की जाएगी।

अवधेश प्रसाद ने श्रद्धालुओं की संख्या घटने का किया दावा

अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या और चढ़ावे को लेकर भी दावा किया। उन्होंने कहा कि मंदिर में चोरी के आरोप सामने आने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है। उनके मुताबिक, पहले जहां रोजाना करोड़ों रुपये का चढ़ावा आता था, अब यह रकम घटकर कुछ लाख रुपये रह गई है।

प्रियंका गांधी ने भी सरकार पर साधा निशाना

राम मंदिर के चढ़ावे के मुद्दे पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने वोट के लिए भगवान राम के नाम का इस्तेमाल किया और अब विपक्ष मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहा है तो सरकार इससे बच रही है।

मंदिर व्यवस्था में बदलाव की तैयारी

चढ़ावे को लेकर विवाद के बीच राम मंदिर की व्यवस्थाओं में बदलाव की प्रक्रिया भी जारी है। ट्रस्ट की ओर से प्रोफेशनल सीईओ की नियुक्ति के लिए इंटरव्यू किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को देखते हुए राम मंदिर के चढ़ावे का मुद्दा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण हो गया है।

समाजवादी पार्टी इसे चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है। संसद परिसर में दानपात्र रखकर चंदा जुटाना भी इसी राजनीतिक अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। वहीं, बीजेपी और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की ओर से इस मुद्दे पर अलग रुख सामने आया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts