मेरठ में इंडिकेटर टूटने पर विवाद, दो हजार रुपये मांगने के बाद युवक के पेट में घोंपा चाकू
मेरठ, 25 अगस्त। खरखौदा थाना क्षेत्र के उलधन गांव में बाइक का इंडिकेटर टूटने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि इंडिकेटर ठीक कराने के लिए दो हजार रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने पड़ोसी के घर पहुंचकर उसके पेट में चाकू घोंप दिया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। गंभीर हालत में घायल युवक को मेरठ जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, उलधन निवासी फिरोज अपने पड़ोसी आरिफ की बाइक लेकर बकरियों के लिए चारा लेने गया था। वापस लौटते समय बाइक का इंडिकेटर टूट गया। घर पहुंचने पर आरिफ ने इंडिकेटर ठीक कराने के लिए फिरोज से दो हजार रुपये मांगे। रकम अधिक बताने पर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
आरोप है कि कुछ देर बाद आरिफ मीट काटने वाला चाकू लेकर फिरोज के घर पहुंचा और उसके पेट में चाकू घोंप दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन घायल को लेकर थाने पहुंचे, जहां से उसे पहले खरखौदा सीएचसी भेजा गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेरठ जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश
घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगी है। थाना प्रभारी समय पाल अत्रि के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment