सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंजा मेरठ, मंगला आरती के बाद खुले मंदिरों के कपाट
मेरठ। सावन के पहले सोमवार पर सोमवार तड़के से ही मेरठ के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंगला आरती के बाद मंदिरों के कपाट खुलते ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। हाथों में बेलपत्र, फूल, चंदन, दूध, जल और पूजा सामग्री लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते रहे।
शहर के प्रमुख शिवालय औघड़नाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिर के बाहर से लेकर गर्भगृह तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए भोलेनाथ के जयकारे लगाते रहे।
पार्किंग से लेकर मंदिर तक विशेष व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर के आसपास विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई। दर्शन एकेडमी के पास वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। इसके आगे किसी भी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। श्रद्धालु पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करने के बाद पैदल मंदिर पहुंचे।
सीसीटीवी से निगरानी, पुलिस बल तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की गई। पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी और मंदिर समिति के स्वयंसेवक व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। बैरिकेडिंग के जरिए श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास को व्यवस्थित किया गया, जिससे भीड़ के बीच किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
सावन के पहले सोमवार को मेरठ में सुबह से ही शिवभक्ति का माहौल नजर आया। शिवालयों में उमड़ी भीड़ और गूंजते जयकारों ने पूरे शहर को भक्तिमय कर दिया।


No comments:
Post a Comment