मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने के प्रयास में पांच गिरफ्तार
समाजवादी अधिवक्ता सभा से जुड़े लोगों पर बिना अनुमति प्रदर्शन की तैयारी का आरोप, पुलिस ने पुतला दहन से पहले की कार्रवाई
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंकने के प्रयास के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिना प्रशासनिक अनुमति के सार्वजनिक स्थान पर पुतला दहन करने की तैयारी कर रहे थे।
सिविल लाइंस थाना पुलिस के अनुसार, गुरुवार को सूचना मिली थी कि समाजवादी अधिवक्ता सभा से जुड़े कुछ लोग मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और प्रदर्शनकारियों को पुतला फूंकने से पहले ही रोक लिया गया।
मामले में शनिवार को पुलिस ने गौरव खन्ना निवासी जागृति विहार, अनिल वर्मा निवासी शास्त्री नगर, विशाल मौरिन निवासी किनौनी थाना रोहटा, उदयवीर सिंह निवासी तुलसी कॉलोनी थाना कंकरखेड़ा और सुखबीर सिंह निवासी पूठखास थाना रोहटा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पांचों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है।
बिना अनुमति प्रदर्शन पर होगी कार्रवाई
सिविल लाइंस थाना प्रभारी अरुण भाटी ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति ऐसी गतिविधियां करना, जिनसे शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो, स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment