फर्जी आधार कार्ड पर किशोरी को कमरा देने वाला होटल मालिक गिरफ्तार
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने होटल से किशोरी और दो युवकों को पकड़ा था; पुलिस ने पहले ही दोनों युवकों को भेजा जेल
मेरठ, लोकसत्य। भावनपुर थाना क्षेत्र में फर्जी आधार कार्ड के आधार पर एक किशोरी को होटल में कमरा देने के मामले में पुलिस ने होटल मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, होटल के रजिस्टर में किशोरी का आधार कार्ड किसी मुस्लिम युवती के नाम से दर्ज पाया गया। मामले में पुलिस पहले ही दो युवकों को पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मामला भावनपुर थाना क्षेत्र के यू-पॉकेट स्थित निशांत होटल का है। होटल का मालिक अमन निवासी एम-ब्लॉक, थाना गंगानगर बताया गया है। वह मूल रूप से शेरपुर गांव, थाना गुलावठी, जिला बुलंदशहर का रहने वाला है। अमन खुद को भाजपा नेता बताता है। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ तस्वीरें भी सामने आई हैं।
27 अगस्त को होटल में हुआ था हंगामा
बताया गया कि 27 अगस्त को बजरंग दल कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि होटल में कुछ मुस्लिम युवक एक हिंदू किशोरी को लेकर पहुंचे हैं। सूचना पर कार्यकर्ता होटल पहुंचे और वहां हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने होटल से किशोरी और दो युवकों को हिरासत में लिया था।
पुलिस ने किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था, जबकि दोनों युवकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया था।
जांच में सामने आया फर्जी आधार कार्ड का मामला
घटना के बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने होटल मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान होटल के रजिस्टर और दस्तावेजों की पड़ताल में सामने आया कि अमन ने युवकों के साथ आई किशोरी को एक मुस्लिम युवती के नाम से दर्ज फर्जी आधार कार्ड के आधार पर कमरा उपलब्ध कराया था।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान साक्ष्य मिलने के बाद शनिवार को होटल मालिक अमन को सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


No comments:
Post a Comment