सड़क किनारे पड़ी जिम प्लेटों पर मची लूट, बाइक और डीसीएम में भरकर ले गए लोग
परतापुर में एलएनटी कंपनी के पास सड़क किनारे पड़ा था सामान, किसने फेंका इसकी जानकारी नहीं; पुलिस ने शुरू की जांच
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में बुधवार को रिझानी गांव के सामने सड़क किनारे बड़ी संख्या में जिम की प्लेटें पड़ी मिलने से लोगों की भीड़ जुट गई। एलएनटी कंपनी के पास पड़े इन सामान को देखते ही कुछ ही देर में लोगों में इन्हें उठाकर ले जाने की होड़ मच गई। देखते ही देखते कई लोग जिम प्लेटें लेकर मौके से निकल गए।
कुछ लोग प्लेटों को पैदल उठाकर ले गए, जबकि कई लोगों ने उन्हें मोटरसाइकिल पर लाद लिया। कुछ लोग डीसीएम लेकर पहुंचे और उसमें बड़ी संख्या में जिम प्लेटें भरकर ले जाते दिखाई दिए। इस दौरान मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी रही।
किसने और क्यों फेंका, नहीं चला पता
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क किनारे अचानक इतनी बड़ी संख्या में जिम प्लेटें कैसे पहुंचीं, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। लोगों की भीड़ बढ़ने के साथ ही सड़क किनारे पड़ा सामान तेजी से कम होता चला गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और संबंधित कंपनी से मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जिम की प्लेटें वहां कौन और किस वजह से छोड़कर गया था।
पुलिस ने बताया स्क्रैप
परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला के अनुसार, सड़क किनारे जिम की प्लेटें पड़े होने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये प्लेटें स्क्रैप यानी कबाड़ हैं। इन्हें वहां कौन छोड़कर गया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर सामान वहां लाने वाले व्यक्ति या वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment