आर्यन सिंह बने रालोद खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव
बोले- खिलाड़ियों और युवाओं को संगठन से जोड़ेंगे, ग्रामीण प्रतिभाओं को दिलाएंगे बेहतर मंच
मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने संगठन विस्तार के तहत मेरठ के गंगानगर निवासी आर्यन सिंह को पार्टी के खेल प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश का प्रदेश सचिव नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने आर्यन सिंह को बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
नवनियुक्त प्रदेश सचिव आर्यन सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, खेल प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष कविता देवी और प्रदेश अध्यक्ष दीपक तोमर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे।
खिलाड़ियों और युवाओं को संगठन से जोड़ने की तैयारी
आर्यन सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों से निकलकर युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को उचित मंच, बेहतर अवसर और लगातार प्रोत्साहन मिले।
उन्होंने कहा कि खेल प्रकोष्ठ के माध्यम से खिलाड़ियों और युवाओं की समस्याओं को समझकर उन्हें पार्टी संगठन और सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही प्रदेश में अधिक से अधिक युवा खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं को संगठन से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
युवाओं को सकारात्मक दिशा देने पर जोर
आर्यन सिंह ने कहा कि जयंत चौधरी के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल युवाओं, किसानों, श्रमिकों और ग्रामीण समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार काम कर रहा है। खेल और युवा शक्ति देश के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए वह पूरी ऊर्जा के साथ काम करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि खेल प्रकोष्ठ को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जाए और प्रतिभावान खिलाड़ियों की आवाज संगठन के मंच तक पहुंचाई जाए।


No comments:
Post a Comment