बीएसएनएल ने स्वतंत्रता दिवस पर ग्राहकों को दिए नए प्लान और डिजिटल सुविधाओं के तोहफे

मेरठ। बीएसएनएल उत्तर प्रदेश पश्चिम परिमंडल की ओर से 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राहकों के लिए मोबाइल एवं फाइबर से जुड़े नए प्लान और डिजिटल सुविधाओं की घोषणा की गई। बीएसएनएल कार्यालय मेरठ में मुख्य महाप्रबंधक दूरसंचार अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित प्रेसवार्ता में इन पहलों की जानकारी दी गई।

मुख्य महाप्रबंधक ने कहा कि बीएसएनएल सार्वजनिक क्षेत्र के दूरसंचार सेवा प्रदाता के रूप में देशभर में विश्वसनीय, सुरक्षित, किफायती और समावेशी डिजिटल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आत्मनिर्भर भारत और डिजिटल इंडिया के विजन के अनुरूप स्वदेशी तकनीक एवं ग्राहक-केंद्रित नवाचारों के माध्यम से भविष्य के लिए तैयार दूरसंचार नेटवर्क विकसित किया जा रहा है।

4जी नेटवर्क का विस्तार

अरुण कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश पश्चिम परिमंडल में 2000 नए बैटरी/पावर प्लांट लगाए गए हैं तथा 400 डीजी सेट की मरम्मत कराई गई है। इससे नेटवर्क उपलब्धता पिछले वर्ष के 87 प्रतिशत से बढ़कर वर्तमान में 96 प्रतिशत हो गई है।

देशभर में 26,300 से अधिक अतिरिक्त 4जी बीटीएस साइटों की तैनाती का ऑर्डर दिया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश पश्चिम परिमंडल को 468 नए 4जी बीटीएस मिलेंगे। इससे शहरों, कस्बों, गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों में 4जी नेटवर्क का विस्तार होगा। यह नेटवर्क स्वदेशी तकनीक पर आधारित है और भविष्य में 5जी में अपग्रेड किया जा सकेगा।

एक रुपये में मोबाइल सेवा का अनुभव

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीएसएनएल ने ₹1 फ्रीडम 2.0 ऑफर पेश किया है। इसके तहत नए ग्राहक केवल एक रुपये में बीएसएनएल मोबाइल नेटवर्क का अनुभव कर सकते हैं। ऑफर में प्रतिदिन 1 जीबी डेटा, 100 एसएमएस, अनलिमिटेड वॉयस कॉल और 24 दिन की वैधता शामिल है।

₹1,111 में फाइबर फ्रीडम प्लान

बीएसएनएल ने फाइबर फ्रीडम प्लान की लॉन्च पेशकश भी की है। ₹1,111 प्रतिमाह के इस प्लान में 200 एमबीपीएस तक की इंटरनेट स्पीड, प्रतिमाह 5,000 जीबी डेटा और 25 से अधिक प्रीमियम ओटीटी प्लेटफॉर्म का एक्सेस उपलब्ध कराया जाएगा।

नया सेल्फकेयर ऐप

बीएसएनएल ने Android और iOS के लिए BSNL Selfcare New ऐप भी नए रूप में लॉन्च किया है। इसके माध्यम से प्रीपेड रिचार्ज, पोस्टपेड एवं लैंडलाइन बिल भुगतान, शिकायत दर्ज करने और उसकी स्थिति देखने, डीएनडी प्रबंधन, भुगतान इतिहास, फाइबर बुकिंग, एआई चैटबॉट, वॉयस सर्च और कई खातों के प्रबंधन जैसी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।

500 लाइव टीवी चैनल निःशुल्क

बीएसएनएल मोबाइल ग्राहक नए सेल्फकेयर ऐप के माध्यम से Tango TV द्वारा संचालित BSNL Free Entertainment TV का लाभ उठा सकेंगे। इसमें करीब 500 लाइव टीवी चैनल निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

सैटेलाइट फोन से दूरदराज क्षेत्रों में कनेक्टिविटी

बीएसएनएल की Global Satellite Phone Service (GSPS) के माध्यम से उन क्षेत्रों में भी वॉयस संचार उपलब्ध कराया जाता है, जहां पारंपरिक मोबाइल नेटवर्क की पहुंच नहीं है। भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण और दूरदराज क्षेत्रों में यह सेवा विशेष रूप से उपयोगी है।

2,399 रुपये के प्लान पर 47 दिन अतिरिक्त वैधता

बीएसएनएल के ₹2,399 वार्षिक प्रीपेड प्लान पर ग्राहकों को 47 दिन की अतिरिक्त वैधता दी जा रही है। इससे प्लान की कुल वैधता 412 दिन हो जाएगी। यह सुविधा सीमित अवधि के लिए उपलब्ध है।

पॉलीकैब के साथ साझेदारी

मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के तहत बीएसएनएल ने पॉलीकैब के साथ साझेदारी की है। इसके माध्यम से कैमरा, ओएनटी, राउटर सहित दूरसंचार एवं नेटवर्किंग उपकरणों के लिए भारत में विनिर्माण सुविधा विकसित की जाएगी। Hardware-as-a-Service मॉडल के जरिए किफायती और आधुनिक डिजिटल अवसंरचना के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्य महाप्रबंधक अरुण कुमार सिंह ने कहा कि बीएसएनएल उत्तर प्रदेश पश्चिम परिमंडल के उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने, डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने और भारत के डिजिटल भविष्य में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर .फतेह सिंह महाप्रबंधक सीएफए . सुषमा मिश्रा प्रधान महाप्रबंधक, सेल्स एंड मार्केटिंग. अरुण कुमार सिंह मुख्य महाप्रबंधक . मोहम्मद सलीम बेग़ प्रधान महाप्रबंधक, ईबी. शालीन अग्रवाल, प्रधान महाप्रबंधक, माेबाइल मौजूद रहे। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts