इमरान खान की मेडिकल जांच पर विवाद, बहन उज्मा के आरोपों से बढ़ा सियासी घमासान
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई नेता इमरान खान की मेडिकल जांच को लेकर शहबाज शरीफ सरकार और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) आमने-सामने आ गए हैं। इमरान की बहन उज्मा खान ने आरोप लगाया कि जेल में उनकी हालत खराब है और उन्हें मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इमरान को पूरी तरह स्वस्थ बताया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि इमरान खान को अदियाला जेल से मेडिकल जांच के लिए बाहर निकाला गया। उनके काफिले को इस्लामाबाद स्थित शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाने की बात सामने आई, लेकिन बाद में उन्हें सरकारी पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) ले जाया गया।
अस्पताल और रास्तों की लाइटें बंद होने पर सवाल
उज्मा खान के मुताबिक, इमरान को PIMS ले जाने के दौरान रास्तों की स्ट्रीट लाइटें बंद थीं। अस्पताल में भी कथित तौर पर अंधेरा रहा और टॉर्च की रोशनी में उनकी आंखों की जांच की गई। उन्होंने दावा किया कि उन्हें यह स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई कि इमरान को किस अस्पताल में ले जाया जा रहा है।
मेडिकल जांच के बाद इमरान को दोबारा अदियाला जेल भेज दिया गया। जेल से निकलने से लेकर वापस पहुंचने तक पूरा घटनाक्रम करीब छह घंटे चला।
उज्मा ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
इमरान से मुलाकात के बाद उज्मा खान ने दावा किया कि उनकी एक आंख पर पट्टी थी और चेहरा सूजा हुआ दिखाई दे रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान ने उनसे जेल में मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की शिकायत की है।
उज्मा ने भावुक होते हुए यह भी कहा कि इमरान को तारीख और महीने तक का ठीक से पता नहीं था। उन्होंने लंबे समय तक अकेले सेल में रखे जाने से उनके मानसिक स्वास्थ्य पर असर पड़ने की आशंका जताई।
सरकार ने आरोपों को किया खारिज
पाकिस्तान सरकार ने उज्मा खान के आरोपों को खारिज कर दिया है। सरकार का कहना है कि इमरान खान की मेडिकल जांच कराई गई और उनकी हालत ठीक है। साथ ही अधिकारियों ने दावा किया कि पूरी प्रक्रिया अदालत के निर्देशों के अनुरूप की गई।
मामले में अब मेडिकल जांच की प्रक्रिया, इमरान को शिफा के बजाय PIMS ले जाने और कथित तौर पर अस्पताल व रास्तों की लाइटें बंद किए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है।


No comments:
Post a Comment