दो साल बाद कैमरे के सामने आईं शेख हसीना, बोलीं- बांग्लादेश में मेरे साथ हुआ अन्याय

पूर्व प्रधानमंत्री ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूदा हालात पर जताई चिंता, कहा- देश में कानून का राज और संवैधानिक मूल्यों की बहाली जरूरी

नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को सत्ता से बेदखल होने और देश छोड़ने के करीब दो साल बाद पहली बार कैमरे के सामने आईं। नई दिल्ली से वर्चुअली जुड़कर उन्होंने फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया (FCC) की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने अपने शासन के पतन, बांग्लादेश के मौजूदा हालात और देश के भविष्य को लेकर चिंता जताई।

शेख हसीना ने दावा किया कि उनकी करीब 15 वर्ष पुरानी सरकार के पतन के पीछे बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश थी। उन्होंने कहा कि अगस्त 2024 में जिस तरह घटनाक्रम बदला और उन्हें देश छोड़ना पड़ा, उसके पीछे कई ऐसे कारण थे जिन पर गंभीरता से विचार किए जाने की जरूरत है।

‘बांग्लादेश में अव्यवस्था का माहौल’

बांग्लादेश के मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए शेख हसीना ने कहा कि देश इस समय विभाजन और अव्यवस्था के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने बेरोजगारी और आम लोगों की परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि बांग्लादेश इस दौरान बहुत कुछ खो चुका है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा समय बांग्लादेश के लिए विभाजन से ऊपर उठकर एकता कायम करने का है। उनके मुताबिक, देश को स्थिरता और लोकतांत्रिक मूल्यों की ओर लौटने की जरूरत है।

बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई

पूर्व प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश लौटने की इच्छा भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि देश में संवैधानिक मूल्यों की बहाली होनी चाहिए और सभी नागरिकों तथा राजनीतिक दलों को इसके लिए प्रयास करना चाहिए।

शेख हसीना ने बांग्लादेश में कानून का राज स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि देश का शासन संवैधानिक व्यवस्था और कानून के अनुरूप चलना चाहिए।

5 अगस्त 2024 को छोड़ना पड़ा था देश

गौरतलब है कि 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश में सरकार विरोधी प्रदर्शनों और हिंसा के बीच शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर देश से बाहर जाना पड़ा था। प्रदर्शनकारियों के प्रधानमंत्री आवास तक पहुंचने के बाद उन्होंने बांग्लादेश छोड़ा था। इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं और सार्वजनिक तौर पर उनकी मौजूदगी बेहद सीमित रही है।

बीते दो वर्षों में उनके लिखित बयान और ऑडियो संदेश सामने आते रहे, लेकिन यह पहली बार है जब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मीडिया के पत्रकारों के सामने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए विस्तार से अपनी बात रखी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts