दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूरे, डेयरी प्रबंधन की दी जानकारी
विकास भवन में डेयरी कॉन्क्लेव आयोजित, किसानों को योजनाओं और पशु स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
मेरठ। उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को विकास भवन सभागार में दुग्धशाला विकास एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने की। इसमें किसानों, पशुपालकों और स्वयं सहायता समूहों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, आधुनिक डेयरी प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में किसानों और पशुपालकों को नन्द बाबा दुग्ध मिशन, दुग्ध विकास विभाग की योजनाओं, आधुनिक डेयरी संचालन, चारा प्रबंधन, पशु रोग नियंत्रण और नियमित टीकाकरण के संबंध में विशेषज्ञों ने जानकारी दी। वहीं मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना 2026-27 के तहत ई-लॉटरी से चयनित लाभार्थियों को सीडीओ नूपुर गोयल ने चयन पत्र और अनुमति पत्र वितरित किए।
50 साल की विकास यात्रा पर दिखाई फिल्म
कार्यक्रम के दौरान दुग्ध आयुक्त कार्यालय लखनऊ से श्रीमती धन लक्ष्मी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने दुग्ध विकास विभाग की 50 वर्षों की विकास यात्रा और किसानों-पशुपालकों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। जूम लिंक के माध्यम से विभाग के 50 साल के सफर तथा पशु रोग नियंत्रण और टीकाकरण पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया।
विशेषज्ञों ने बताए पशुपालन के बेहतर तरीके
क्षेत्रीय दुग्धशाला विकास अधिकारी नत्थू सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पवित्र सिंह गिल, सीआईआरसी के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. संजीव कुमार वर्मा और सीडीटीआरआई की प्राचार्या वंदना सिंह ने पशुओं के रखरखाव, संतुलित चारा प्रबंधन, पशु रोगों से बचाव और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपाय बताए।
नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक भावना जैन ने किसानों को बैंकिंग सुविधाओं, कृषि ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड की जानकारी दी। वहीं वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक अविनाश गुप्ता ने उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास एवं दुग्ध उत्पाद प्रोत्साहन नीति-2022 समेत विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में किसानों और पशुपालकों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन एवं डेयरी व्यवसाय को आगे बढ़ाने की अपील की गई।


No comments:
Post a Comment