पूर्व बसपा विधायक राणा के ठिकानों पर ईडी की रेड
- 'बोल बम' के स्टिकर लगी गाड़ियों से पहुंचे अफसरमुजफ्फरनगर।मुजफ्फरनगर में पूर्व बसपा विधायक शाहनवाज राणा से जुड़े 3 ठिकानों पर सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। ईडी की टीम सुबह करीब 8 बजे 12 गाड़ियों से पहुंची। किसी को शक न हो, इसलिए गाड़ियों पर 'बोल बम' के स्टिकर लगा रखे थे।
गेट पर 50 पुलिसकर्मियों के अलावा सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं। किसी को परिसर के अंदर जाने या बाहर आने नहीं दिया जा रहा है। परिसरों में अफसर दस्तावेज खंगाल रहे हैं। जिन जगहों पर रेड चल रही है, उनमें मेरठ रोड पर पूर्व विधायक का घर 'राणा हाउस', उनके अखबार का दफ्तर और मॉडल टाउन में 'जम्मूदीप इंपोर्ट-एक्सपोर्ट' का ऑफिस शामिल है।
राणा हाउस में पूर्व विधायक के अलावा उनके चाचा पूर्व सांसद कादिर राणा और पूर्व विधायक नूर सलीम राणा के भी आवास हैं। ईडी की टीम मुजफ्फरनगर के अलावा गाजियाबाद और फरीदाबाद के 6 ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत की है। मामला इनपुट टैक्स क्रेडिट में हेराफेरी और टैक्स चोरी से जुड़ा बताया जा रहा है। ईडी की टीम इन ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान ईडी अफसर कौन-कौन से दस्तावेज या सामग्री जांच रहे हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी अब तक नहीं दी गई है। हालांकि, ईडी की कार्रवाई की सूचना के बाद राजनीतिक और कारोबारी हलकों में हलचल तेज हो गई है।
जीएसटी टीम पर हमले के आरोप में जेल गए थे शहनवाज राणा
शाहनवाज राणा और उनके चाचा कादिर राणा की स्टील फैक्ट्री में छापेमारी करने गई जीएसटी टीम पर हमले के आरोप में 5 दिसंबर 2024 शहनवाज राणा को गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान कादिर राणा के बेटे शाह आजम के खिलाफ भी सिविल लाइंस थाने में एक फर्जी कंपनी बनाकर धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। दोनों को जेल भी भेजा गया था। उन्हें पहले मुजफ्फरनगर और बाद में चित्रकूट जेल में बंद किया गया था। अगस्त 2025 में शहनवाज राणा को इलाहाबाद होईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। तब से वो जेल से बाहर हैं।


No comments:
Post a Comment