इंस्पेक्टर समेत आठ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग, एसएसपी से मिले सपा नेता
मेरठ, 22 अगस्त (प्र)। दो दिन पहले पुलिस बर्बरता के आरोपों का सामना कर रहे दो किसान नेताओं के मामले में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने नवागत एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोपी इंस्पेक्टर समेत आठों पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सपा विधायक अतुल प्रधान, जिलाध्यक्ष करम सिंह गूमी, वरिष्ठ नेता आदिल चौधरी समेत पार्टी नेताओं के साथ किसान नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव भी एसएसपी से मिलने पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने नवागत एसएसपी के सामने पूरा घटनाक्रम रखा।
अतुल प्रधान ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ डीआईजी रेंज सहारनपुर की ओर से की जा रही जांच जल्द पूरी कराने की मांग की, ताकि दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बाद में मीडिया से बातचीत में अतुल प्रधान ने कहा कि आधी-अधूरी जांच और कार्रवाई पर अभी कुछ कहना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद पूर्व एसएसपी अविनाश पांडेय, सिविल लाइन इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ समेत अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने तक वह चुप नहीं बैठेंगे।


No comments:
Post a Comment