बीसीआई चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफे की मांग
- सह-चेयरमैन ने उठाए गंभीर सवाल15 दिन का दिया अल्टीमेटम
नई दिल्ली (एजेंसी)।बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के सह-चेयरमैन और वरिष्ठ अधिवक्ता वाईआर सदाशिव रेड्डी ने बीसीआई के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफे की मांग की है। शनिवार को रेड्डी ने काह कि देश का बार इससे बेहतर का हकदार है। इस दौरान उन्होंने मनन मिश्रा के नेतृत्व में परिषद के कामकाज को लेकर कई गंभीर आरोप और सवाल उठाए हैं।
वाईआर सदाशिव रेड्डी ने आरोप लगाया है कि बीसीआई के करीब 150 करोड़ रुपये के फंड को एक निजी ट्रस्ट में स्थानांतरित करने की कोशिश की गई, जिसे चेयरमैन से जुड़े लोगों द्वारा नियंत्रित किया जाता है। इसके अलावा उन्होंने परिवार के सदस्यों की कथित नियुक्तियों, लॉ कॉलेजों से कथित तौर पर 'योगदान' लिए जाने और नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के छात्रों के मामले में जारी विवादित निर्देश को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
रेड्डी ने कहा कि वह यह पत्र किसी व्यक्तिगत विरोध या दुश्मनी के कारण नहीं लिख रहे हैं। उन्होंने खुद को बीसीआई के निर्वाचित सदस्य और तीन दशक से अधिक समय से कानून के पेशे से जुड़े व्यक्ति के तौर पर बताते हुए कहा कि इस मामले में चुप रहना देशभर के अधिवक्ताओं द्वारा उन पर जताए गए भरोसे के साथ न्याय नहीं होगा।
रेड्डी ने मनन कुमार मिश्रा से पत्र मिलने के 15 दिनों के भीतर पद से इस्तीफा देने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने उठाए गए मुद्दों पर चर्चा के लिए बीसीआई की विशेष बैठक बुलाने की मांग भी की है।


No comments:
Post a Comment