सिपाही की पत्नी ने खुद को मारी गोली, मौत

 दो बेटियों के साथ किराए के मकान में रहती थी

सहारनपुर।सहारनपुर में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सिपाही की पत्नी ने पति की रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना सदर बाजार क्षेत्र के हकीकत नगर की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान सविता के रूप में हुई है। उसके पति टिंकू सिंह पुलिस में सिपाही हैं। उनकी पत्नी ने सुसाइड क्यों किया है इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है।

टिंकू सिंह पत्नी सविता और दो बेटियों के साथ मनीष कुमार के मकान में करीब दो साल से किराए पर रह रहे थे। शुक्रवार को सविता घर में थी। इसी दौरान उसने पति की रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली गर्दन के दाईं ओर लगी। गंभीर चोट के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सदर बाजार पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। उसके बाद सीनियर अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया। घटना की जानकारी होते ही डीआईजी अभिषेक सिंह और एसएसपी अभिनंदन सिंह भी मौके पर पहुंचे। लोगों से घटना की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सविता ने आत्महत्या क्यों की। शुरुआती तौर पर पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या किसी अन्य कारण की संभावना को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। सविता की मौत के बाद उसकी दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियां पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts