राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जिस वंदे भारत में सवार थीं, उस पर पथराव; आरोपी गिरफ्तार
सूरत/अहमदाबाद, 25 अगस्त। मुंबई से अहमदाबाद जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर मंगलवार को सूरत के उतरान रेलवे स्टेशन के पास पथराव की घटना सामने आई। जिस समय ट्रेन पर पत्थर फेंके गए, उस वक्त उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी इसी ट्रेन में सफर कर रही थीं। घटना के बाद रेलवे और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस सूरत के उतरान रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी ट्रेन पर बाहर से पत्थर फेंके गए। घटना में ट्रेन को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के सुरक्षित होने की बात कही गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और पथराव करने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि पथराव किस स्थान से किया गया और घटना के पीछे आरोपी का उद्देश्य क्या था। राज्यपाल के ट्रेन में मौजूद होने के कारण घटना की सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीरता से जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment