दुर्गा पूजा पर लौटेंगे शिबोप्रसाद मुखर्जी, ‘बहुरूपी: द गोल्डन डाकू’ का फर्स्ट लुक जारी
विक्रम प्रमाणिक के किरदार में फिर दिखेंगे शिबोप्रसाद, 96 लोकेशंस पर हुई फिल्म की शूटिंग
मुंबई। बंगाली सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बहुरूपी: द गोल्डन डाकू’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। निर्माताओं ने फिल्म से अभिनेता और निर्देशक शिबोप्रसाद मुखर्जी का पहला कैरेक्टर पोस्टर जारी कर दिया है। पोस्टर में उनका गंभीर और प्रभावशाली अंदाज नजर आ रहा है, जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
फिल्म ‘बहुरूपी’ की सफलता के बाद इसकी अगली कड़ी को बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। कहानी रहस्यमयी ‘गोल्डन डाकू’ के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें रोमांच, भावनाओं और एक्शन का मेल देखने को मिलेगा। फिल्म का निर्देशन नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी की जोड़ी ने किया है। फिल्म दुर्गा पूजा 2026 के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है।
विक्रम प्रमाणिक के किरदार में लौटेंगे शिबोप्रसाद
फर्स्ट लुक जारी करते हुए शिबोप्रसाद मुखर्जी ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि वह एक बार फिर विक्रम प्रमाणिक के किरदार में नजर आएंगे। उन्होंने बताया कि विंडोज प्रोडक्शन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह फिल्म बैनर की विशेष पेशकश है।
शिबोप्रसाद के अनुसार फिल्म को बड़े पैमाने पर बनाया गया है। इसकी शूटिंग 96 लोकेशंस पर हुई, जिसमें मुख्य और सहायक कलाकारों सहित करीब 2,500 लोगों ने हिस्सा लिया। फिल्म की शूटिंग हसनाबाद, टाकी, बारासात, बर्दवान, बोलपुर, बिष्णुपुर और मालदा सहित कई स्थानों पर की गई।
लोक कलाकारों की भी अहम भूमिका
शिबोप्रसाद ने बताया कि पहली फिल्म की तरह इस बार भी लोक कलाकार कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खासतौर पर मालदा के प्रसिद्ध गम्भीरा लोक कलाकारों को फिल्म से जोड़ा गया है। उनके पारंपरिक गीत, मुखौटे और प्रस्तुतियां फिल्म को अलग सांस्कृतिक पहचान देने वाली हैं।
उन्होंने बताया कि चुनावों के कारण शूटिंग कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। इसके बाद मई की भीषण गर्मी में शूटिंग पूरी करना टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। शिबोप्रसाद ने फिल्म की सफलता का श्रेय कलाकारों, तकनीशियनों और पूरी टीम की मेहनत, जुनून और प्रतिबद्धता को दिया।
दुर्गा पूजा पर बड़ी बंगाली रिलीज की तैयारी
विंडोज प्रोडक्शन पिछले वर्षों में कई सफल थिएटर रिलीज के जरिए बंगाली सिनेमा में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। अलग-अलग पीढ़ियों के दर्शकों से जुड़ने वाली फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले इस बैनर की आगामी फिल्म ‘बहुरूपी: द गोल्डन डाकू’ से भी काफी उम्मीदें हैं।
फर्स्ट लुक सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है। दुर्गा पूजा 2026 पर रिलीज होने वाली यह फिल्म एक्शन, इमोशन, रहस्य और भव्य सिनेमाई अनुभव के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने का दावा कर रही है।


No comments:
Post a Comment