राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता क्विज में सुभारती की छात्राओं ने दिखाया दमखम
नॉर्थ रीजनल राउंड में दिल्ली पहुंचकर किया विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित नेशनल फाइनेंशियल लिटरेसी क्विज-2026 के नॉर्थ रीजनल राउंड में प्रतिभाग कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। बीएफए (एप्लाइड आर्ट) चतुर्थ वर्ष की छात्राएं आस्था राघव और सिद्धि जैन ने दिल्ली में आयोजित क्षेत्रीय चरण में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
प्रतियोगिता का आयोजन नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (NISM) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। नॉर्थ रीजनल राउंड का आयोजन लोधी रोड स्थित स्कोप कन्वेंशन सेंटर, नई दिल्ली में हुआ। इसमें देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से चयनित प्रतिभागियों ने वित्तीय जागरूकता, ज्ञान और विश्लेषणात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
सुभारती की छात्राओं आस्था राघव और सिद्धि जैन ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का परिचय दिया। उनके साथ सहायक प्रोफेसर प्रियंका सिंह भी मौजूद रहीं। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सहभागिता विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, ज्ञान और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देती है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड फैशन डिजाइन के डीन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक विद्यार्थी के लिए वित्तीय साक्षरता बेहद जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की ज्ञान, तर्कशक्ति और व्यावहारिक समझ को मजबूत करती हैं।
विश्वविद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं को उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


No comments:
Post a Comment