कचौड़ी की सब्जी में मरी छिपकली मिलने का दावा
वीडियो वायरल; दुकानदार ने बताया झूठा
मेरठ। कंकरखेड़ा की सरधना रोड स्थित गुप्ता स्वीट्स में कचौड़ी के साथ दी जाने वाली सब्जी में मरी हुई छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। एक ग्राहक ने सब्जी में छिपकली मिलने का दावा करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, कंकरखेड़ा निवासी एक युवक गुप्ता स्वीट्स से कचौड़ी और सब्जी पैक कराकर घर ले गया था। घर पर खाना परोसते समय उसे सब्जी में मरी हुई छिपकली दिखाई देने का दावा किया गया। इसके बाद युवक ने सब्जी का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बाद में वह सब्जी लेकर दुकान पर पहुंचा और दुकानदार को छिपकली दिखाते हुए हंगामा किया।
दुकानदार ने ग्राहक को 200 रुपये वापस कर दिए। हालांकि, गुप्ता स्वीट्स के संचालक समर्थ गुप्ता ने वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उनका कहना है कि दुकान पर सब्जी भगोने से चमचे के जरिए छोटी पॉलीथिन में पैक की जाती है। यदि छिपकली दुकान की सब्जी में होती तो पैकिंग के दौरान ही दिखाई दे जाती। उन्होंने इसे दुकान को बदनाम और ब्लैकमेल करने का प्रयास बताया।
समर्थ गुप्ता के मुताबिक उनकी दुकान करीब 50 वर्ष पुरानी है और दुकान के कर्मचारी व परिवार के लोग भी वहीं खाना खाते हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग करेगा जांच
मामला सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच की बात कही है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा ने बताया कि विभाग को मामले की कोई लिखित या मौखिक शिकायत नहीं मिली थी। जानकारी मिलने के बाद सोमवार को टीम भेजकर दुकान की जांच कराई जाएगी।
फिलहाल वायरल वीडियो में किया गया दावा सही है या गलत, यह खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


No comments:
Post a Comment