संस्कारों के साथ प्राप्त शिक्षा ही बुलंदियों तक पहुंचने का सर्वश्रेष्ठ मंत्र
- आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्रों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्रों के लिए आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम के तृतीय दिवस विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने छात्रों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
मुख्य वक्ता वरिष्ठ समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त गन्ना प्रबंधक हरवीर सिंह सुमन ने नवप्रवेशित छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल डिग्री प्राप्त करना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं है, बल्कि शिक्षा के साथ अच्छे संस्कारों का होना व्यक्ति को जीवन में वास्तविक सफलता की ओर ले जाता है। उन्होंने छात्रों को अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं शिक्षण संस्थान का सदैव सम्मान करने तथा किसी भी प्रकार के नशे और बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों को लगन एवं अनुशासन के साथ अध्ययन करने की शपथ भी दिलाई।
द्वितीय तकनीकी सत्र में गौवंश अनुसंधान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. संजीव वर्मा ने कृषि विज्ञान के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृषि स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्रों के लिए सरकारी एवं गैर-सरकारी क्षेत्रों में रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने ऐसे कृषि छात्रों के उदाहरण भी साझा किए, जिन्होंने अपनी शिक्षा के आधार पर सफलतापूर्वक रोजगार प्रदान करने वाले उद्यम स्थापित किए हैं। कृषि क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्टार्टअप की जानकारी देकर उन्होंने छात्रों को उद्यमिता के लिए भी प्रेरित किया।
कृषि विज्ञान महाविद्यालय के डीन डॉ. राजबीर सिंह ने नवप्रवेशित छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए महाविद्यालय के शिक्षक पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने शिक्षकों से छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी क्षमता से प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने वक्ताओं द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को ध्यानपूर्वक सुना और शिक्षा, अनुशासन, संस्कार तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संकल्प लिया।


No comments:
Post a Comment