मेरठ में कांवड़ियों पर कहर बनकर टूटा बेकाबू कंटेनर
पिकअप को 50 मीटर घसीटा; 10 घायल, 3 की हालत गंभीर
मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के टैंक चौराहे पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कंटेनर ने कांवड़ियों की पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर पिकअप को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में दो महिलाओं समेत 10 कांवड़िये घायल हो गए। तीन घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
एटा के सेना कला गांव से करीब 40 कांवड़ियों का जत्था 12 अगस्त को हरिद्वार से गंगाजल लेने गया था। गुरुवार को हर की पैड़ी से जल लेकर सभी डाक कांवड़ के रूप में एटा लौट रहे थे। शुक्रवार रात करीब 12:15 बजे जत्था टैंक चौराहे पर पहुंचा था।
इसी दौरान मोदीपुरम की ओर से आ रहा तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कांवड़ियों की पिकअप से जा भिड़ा। टक्कर के बाद पिकअप को कंटेनर करीब 50 मीटर तक धकेलता रहा। कुछ दूरी पर पिकअप हाईटेंशन लाइन के खंभे से टकराकर रुकी। गनीमत रही कि वाहन हाईटेंशन लाइन की चपेट में नहीं आया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद कांवड़ियों और राहगीरों ने पुलिस की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। सभी को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज भेजा गया। तीन गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है और हादसे की जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment