नशे को ना, जीवन को हां: सालावा गांव ने लिया नशा-मुक्त भारत का सामूहिक संकल्प
MDSU के अभियान में 80 से अधिक ग्रामीण हुए शामिल, युवाओं को खेल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया प्रेरित
मेरठ। स्वस्थ, सशक्त और नशा-मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय (MDSU), मेरठ की ओर से सालावा गांव में नशा-मुक्त भारत अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय, विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें खेल, व्यायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सहित 80 से अधिक ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विश्वविद्यालय की टीम ने ग्रामीणों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। युवाओं से खेलकूद, नियमित व्यायाम, अनुशासित दिनचर्या और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।
विश्वविद्यालय की ओर से अतिथि संकाय डॉ. पवित्रा, डॉ. जयदीप और श्री जितेंद्र सहित अन्य सदस्यों ने ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने नशे से होने वाले नुकसान के साथ शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
ग्रामीणों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू सामूहिक संकल्प रहा। उपस्थित सभी ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, गांव और समाज को नशा-मुक्त बनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने यह भी तय किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और विशेष रूप से युवाओं को नशे से बचने के लिए प्रेरित करेंगे।
टीबी और स्वास्थ्य के प्रति भी किया जागरूक
नशा मुक्ति अभियान के साथ कार्यक्रम को व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता से भी जोड़ा गया। ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और उचित उपचार की जानकारी दी गई।
महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान HPV टीकाकरण से संबंधित जानकारी साझा की गई और 14 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
कुलपति के मार्गदर्शन में अभियान
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत, वीएसएम (सेवानिवृत्त) के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया। विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल खेल और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करना ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी, युवा सशक्तीकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाना है।
MDSU की ओर से खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और जन-जागरूकता के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक जागरूकता अभियान पहुंचाकर स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक समाज के निर्माण की दिशा में कार्य कर रहा है।
सालावा गांव में आयोजित अभियान ने नशा-मुक्त भारत, स्वस्थ भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी के माध्यम से सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
विश्वविद्यालय भविष्य में भी ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में ऐसे जागरूकता और सामुदायिक आउटरीच कार्यक्रमों को जारी रखेगा, ताकि नशे के खिलाफ जनचेतना मजबूत हो, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित हों।


No comments:
Post a Comment