कांवड़ यात्रा के चलते जमीयत की अपील- अपने मोहल्ले की मस्जिद में पढ़ें जुमे की नमाज, पैदल जाने की कोशिश करें

मेरठ। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मेरठ में जुमे की नमाज को लेकर जमीयत उलमा-ए-हिंद ने मुस्लिम समाज के लोगों से विशेष अपील की है। संगठन ने लोगों से कहा है कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के लिए संभव हो तो अपने मोहल्ले की मस्जिदों में ही जाएं और पैदल जाने को प्राथमिकता दें, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात और व्यवस्था प्रभावित न हो।

जमीयत उलमा-ए-हिंद के वरिष्ठ सदस्य और नायब शहर काजी जैनुर राशिदीन सिद्दीकी ने मुस्लिम आलिमों के साथ बैठक कर लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

भीड़भाड़ वाले रास्तों पर वाहनों से जाने से बचने की अपील

जैनुर राशिदीन सिद्दीकी ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर करीब 1 से 3 बजे के बीच मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की जाती है। ऐसे में दिल्ली रोड, केसरगंज, माहीगिरान, सोतीगंज, ईदगाह चौक, इमलियान, हापुड़ रोड और गढ़ रोड समेत प्रमुख मार्गों पर जाने वाले नमाजियों से अपील की गई है कि वे स्कूटर या अन्य वाहनों का इस्तेमाल करने के बजाय पैदल ही मस्जिद जाने की कोशिश करें।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के चलते इन मार्गों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद हैं। ऐसे में अनावश्यक वाहन लेकर निकलने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

सिर्फ इस शुक्रवार मोहल्ले की मस्जिद में नमाज की अपील

जमीयत की ओर से लोगों से अपील की गई है कि सिर्फ इस शुक्रवार अमन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने मोहल्ले की मस्जिद में ही जुमे की नमाज अदा करना बेहतर होगा।

नायब शहर काजी ने कहा कि मुस्लिम समाज अमन पसंद है और किसी को परेशानी नहीं देना चाहता। उन्होंने बताया कि इस संबंध में गुरुवार को पुरानी तहसील क्षेत्र में बैठक आयोजित कर लोगों से अपील की गई।

कांवड़ यात्रा के दौरान शहर में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जमीयत ने लोगों से सहयोग करने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts