कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करेंगे सीएम योगी! शोभित विवि में हेलिपैड तैयार, मोदीपुरम में बन रहा मंच

मेरठ। कांवड़ यात्रा के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित मेरठ दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के 8 अगस्त को मोदीपुरम पहुंचने की संभावना है। यहां वह शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर सकते हैं और उन्हें संबोधित भी कर सकते हैं। हालांकि, कार्यक्रम की अंतिम पुष्टि प्रशासन की ओर से की जानी है।

गुरुवार को एडीजी भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी और एसएसपी अविनाश पांडेय ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल, हेलिपैड और कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नमो भारत स्टेशन के पास तैयार हो रहा मंच

मोदीपुरम स्थित नमो भारत स्टेशन के पास मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए मंच तैयार किया जा रहा है। मंच निर्माण की जिम्मेदारी मुजफ्फरनगर की गांधी टेंट हाउस को दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर टेंट, बैरिकेडिंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का काम तेजी से चल रहा है।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों की प्रगति देखी और कार्यक्रम के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए।

शोभित विश्वविद्यालय में तैयार हो रहा हेलिपैड

मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के लिए शोभित विश्वविद्यालय परिसर में हेलिपैड तैयार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने हेलिपैड का निरीक्षण करने के साथ कांवड़ मार्ग का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने फुट पेट्रोलिंग कर मौके की सुरक्षा व्यवस्था परखी।

हेलिपैड और कांवड़ मार्ग पर एंटी-सबोटाज जांच

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हैं। सीओ एलआईयू के नेतृत्व में एलआईयू एस-चेक टीम ने शोभित विश्वविद्यालय स्थित हेलिपैड पर एंटी-सबोटाज (AS) जांच की।

इसके अलावा बेगमपुल और आसपास के इलाकों में एएस और बीडीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की टीमों ने सघन जांच अभियान चलाया। टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और गतिविधियों की जांच की और सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे और कांवड़ यात्रा की भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल से लेकर हेलिपैड और कांवड़ मार्ग तक सुरक्षा इंतजामों की लगातार समीक्षा की जा रही है।

फिलहाल मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा और आधिकारिक कार्यक्रम की पुष्टि का इंतजार है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts