कांवड़ियों पर फिर बरसेंगे फूल, 9 अगस्त को मेरठ आएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ

मेरठ। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 9 अगस्त को मेरठ आएंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल दुल्हैड़ा चुंगी और शोभित विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रस्तावित हेलीपैड का निरीक्षण किया।

पिछले साल की तरह दुल्हैड़ा चुंगी से होगी पुष्पवर्षा

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, इस बार भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले वर्ष की तरह दुल्हैड़ा चुंगी पुलिस चौकी के पास से कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करेंगे। कार्यक्रम को लेकर मौके पर साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है।

डीएम डॉ. वीके सिंह ने एडीएम सिटी बृजेश सिंह, सीडीओ, एनएचएआई के पीडी साकेत मिश्रा, नगरायुक्त समेत पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित मंच स्थल के आसपास साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए।

बिजली के तार ऊंचे करने और झाड़ियों की कटाई के निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने सड़क डिवाइडर पर उगी घास और झाड़ियों की कटाई कराने को कहा। विद्युत विभाग के अधिकारियों को दुल्हैड़ा चौकी के दोनों ओर लटके बिजली के तारों को ऊंचा करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी जरूरी कार्य गुरुवार दोपहर 12 से 1 बजे तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। सीओ दौराला शिव ठाकुर और सरधना एसडीएम उदित नारायण सेंगर को समय से तैयारियां पूरी कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कांवड़ सेवा शिविर में गूंजा ‘भारत माता की जय’

उधर, मोदीपुरम में दून हाईवे स्थित विशाल कांवड़ सेवा शिविर में शिवभक्तों की सेवा, महाआरती और प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ। शिविर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। ‘भारत माता की जय’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कंकरखेड़ा व्यापार संघ के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता नीरज मित्तल की ओर से आयोजित शिविर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर प्रचारक कवींद्र मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने शिव परिवार की महाआरती कर शिवभक्तों के मंगल की कामना की और सेवा कार्यों की सराहना की।

महानगर कार्यवाह मनीष ने शिवभक्तों को प्रसाद वितरित किया। इस दौरान आशीष प्रताप, संजय, विजय समेत अन्य अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जोनी मित्तल, संजय त्रिपाठी, राजेश खन्ना, गणेश अग्रवाल, गौरव गोयल और मनोज मित्तल आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts