बीएसके मॉडल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
मेरठ। कंकरखेड़ा, मेरठ कैंट स्थित बीएसके मॉडल स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक डॉ. कर्मेन्द्र सिंह ‘मेरठ रत्न’ ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद विद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति की भावना का संदेश दिया।
फैंसी ड्रेस में दिखी देशभक्ति की झलक
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में छोटे बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों, तिरंगे और भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। वहीं ग्रुप डांस में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर वातावरण को देशप्रेम से भर दिया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. कर्मेन्द्र सिंह ने कहा, “आजादी हमें हजारों शहीदों के बलिदान से मिली है। हमें उनके सपनों का समृद्ध, सुरक्षित और विकसित भारत @2047 बनाने के लिए संकल्पित होना होगा। शिक्षा और अनुशासन ही राष्ट्र निर्माण की कुंजी है।”
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।


No comments:
Post a Comment