मुंबई के घाटकोपर में लैंडस्लाइड: मलबे में दबे कई घर, दो की मौत; 6-8 लोगों के फंसे होने की आशंका
भारी बारिश के बीच तड़के हुआ हादसा, गौसिया चॉल के कई घर मलबे की चपेट में; NDRF, पुलिस और BMC की टीमें रेस्क्यू में जुटीं
मुंबई। भारी बारिश के बीच मुंबई के घाटकोपर इलाके में बुधवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। अशोक नगर इलाके में करीब सुबह 3:48 बजे भूस्खलन होने से गौसिया चॉल के कई घर मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 6 से 8 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
हादसा घाटकोपर-कुर्ला रोड के पास हुआ। भूस्खलन के बाद बड़ी मात्रा में मलबा घरों पर आ गिरा, जिससे कई लोग उसके नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत दल मौके पर पहुंच गए।
रेस्क्यू टीमें मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं। घटनास्थल पर अफरा-तफरी के बीच प्रशासन ने प्रभावित इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है।
मलबे से दो शव बरामद
मुंबई पुलिस और BMC के मुताबिक अब तक मलबे से दो शव निकाले जा चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार मलबे में फंसे लोगों की संख्या को लेकर शुरुआती अनुमान अलग-अलग रहे हैं। पहले तीन से चार लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में BMC ने 6 से 8 लोगों के फंसे होने की संभावना बताई।
NDRF समेत कई एजेंसियां मौके पर
रेस्क्यू ऑपरेशन में मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा, NDRF और BMC वार्ड स्टाफ की टीमें जुटी हैं। अधिकारी लगातार हालात का जायजा ले रहे हैं और मलबे के नीचे दबे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे में 18 वर्षीय सोहेल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी भी घायल हुए हैं। दोनों के पैरों में मामूली चोटें आई हैं। उन्होंने प्रभावित इलाके के अंदर के हालात की जानकारी भी राहत दलों को दी।
DCP बोले- बड़े स्तर पर चल रहा रेस्क्यू
DCP गणेश शिंदे ने बताया कि भारी बारिश के कारण अशोक नगर इलाके में लैंडस्लाइड हुआ। उन्होंने दो शव बरामद होने की पुष्टि करते हुए कहा कि बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के साथ BMC, NDRF और अन्य एजेंसियों के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
मानसून से पहले घरों को दिया गया था नोटिस
अधिकारी गजानन जैतापकर के मुताबिक मानसून शुरू होने से पहले इलाके के कई घरों को नोटिस जारी किया गया था। फिलहाल अधिकारी स्थिति का आकलन कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा सकता है।
घटना ने मुंबई के लैंडस्लाइड संभावित इलाकों में बसी बस्तियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।


No comments:
Post a Comment