नेपाल की तबाही के बीच चीन में 5.1 तीव्रता का भूकंप, सिचुआन में कांपी धरती
बीजिंग। नेपाल में जलप्रलय से मची तबाही के बीच शुक्रवार सुबह दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत में 5.1 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप के झटकों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
भूकंप के बाद चीन में लेवल-4 का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संभावित नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
मणिपुर में भी 3.6 तीव्रता के झटके
इसी बीच भारत के मणिपुर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, सुबह 10:49 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 मापी गई। फिलहाल यहां भी किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
नेपाल में दूसरे जल-विस्फोट से बढ़ी चिंता
नेपाल-तिब्बत सीमा पर 48 घंटे के भीतर दूसरे जल-विस्फोट की घटना ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। पानी से भरे एक बांध के टूटने के बाद भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। नदियों में पानी का स्तर कई गुना बढ़ने की चेतावनी के बीच बचाव कार्य में लगे लोगों को करीब एक किलोमीटर पीछे हटने के निर्देश दिए गए हैं।
रसुवा में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान को भी करीब डेढ़ घंटे के लिए रोक दिया गया। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
हिमालयी क्षेत्र में बढ़ा संकट
लगातार भूकंप के झटकों और ग्लेशियर झील फटने जैसी घटनाओं ने पूरे हिमालयी क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। नेपाल में पहले से ही भीषण बाढ़ और जलप्रलय के कारण बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। अब नए जल-विस्फोट के बाद तबाही की दूसरी लहर की आशंका ने राहत और बचाव अभियानों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।


No comments:
Post a Comment