तापसी पन्नू की ‘गांधारी’ का ऐलान, 3 सितंबर को होगा प्रीमियर
मुंबई। मां और बच्चे के रिश्ते की ताकत को एक दमदार एक्शन-थ्रिलर के रूप में पेश करने वाली ‘गांधारी’ का प्रीमियर 3 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर होने जा रहा है। तापसी पन्नू स्टारर यह फिल्म एक ऐसी मां की कहानी है, जो अपने बच्चे की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है।
काल्पनिक शहर जॉयपुर्रा की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘गांधारी’ में तापसी पन्नू बानी के किरदार में नजर आएंगी। बानी के लिए उसका बच्चा ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। अपनी बेटी तक पहुंचने की कोशिश में वह एक ऐसे खतरनाक संसार में फंस जाती है, जहां हर कदम पर नई चुनौती उसका इंतजार कर रही है।
फिल्म में बानी की यात्रा सिर्फ खतरों और एक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें एक मां के भावनात्मक संघर्ष, उसके अटूट विश्वास और अपने बच्चे के लिए किसी भी परिस्थिति का सामना करने की उसकी हिम्मत को भी दिखाया गया है।
‘गांधारी’ तापसी पन्नू के अब तक के सबसे शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक बताई जा रही है। फिल्म में अभिनेत्री जबरदस्त एक्शन करती नजर आएंगी। कहानी में एक्शन के साथ गहरे मानवीय भावनाओं को भी प्रमुखता दी गई है।
फिल्म का लेखन और निर्माण कनिका ढिल्लों ने किया है, जबकि निर्देशन देवाशीष मखीजा ने किया है। फिल्म में ईश्वाक सिंह, छाया कदम, स्वास्तिका मुखर्जी, मीता वशिष्ठ और जतिन सरना भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।


No comments:
Post a Comment