2 सितंबर के मेरठ बंद को व्यापारियों का समर्थन, संयुक्त व्यापार संघ भी आंदोलन के साथ

मेरठ। आगामी 2 सितंबर को प्रस्तावित मेरठ बंद और शास्त्री नगर स्थित आवास विकास कार्यालय के घेराव को लेकर भारतीय किसान यूनियन धन सिंह कोतवाल ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नितेश पंवार ने शहर के विभिन्न बाजारों और व्यापारिक संगठनों के बीच पहुंचकर व्यापारियों से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की। अभियान के दौरान संयुक्त व्यापार संघ समेत कई व्यापारिक संगठनों ने आंदोलन को समर्थन देने का भरोसा दिलाया।

नितेश पंवार ने कहा कि किसानों और व्यापारियों की रोजी-रोटी से जुड़े किसी भी मुद्दे पर भारतीय किसान यूनियन धन सिंह कोतवाल उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। किसान और व्यापारी हितों की रक्षा के लिए संगठन पूरी ताकत से संघर्ष करेगा।

जनसंपर्क अभियान के दौरान हापुड़ रोड मार्केट, आरटीओ रोड मार्केट, मंडप एसोसिएशन, कैटरर्स एसोसिएशन, राजा-रानी मंडप, गढ़ रोड, सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट, हापुड़ अड्डा मार्केट, भगत सिंह मार्केट, कुटी मार्केट और शास्त्री नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापारियों से संपर्क किया गया। कई व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों ने आंदोलन को समर्थन देने का भरोसा दिलाते हुए समर्थन पत्र भी सौंपे।

इसी क्रम में शास्त्री नगर में संयुक्त व्यापार संघ के महामंत्री संजय जैन के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। संयुक्त व्यापार संघ शास्त्री नगर से जुड़े व्यापारियों ने किसान यूनियन के आंदोलन को समर्थन देने का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने कहा कि व्यापार और आमजन से जुड़े मुद्दों पर वे संगठन के साथ खड़े रहेंगे।

भारतीय किसान यूनियन के अनुसार, 2 सितंबर को मेरठ बंद के साथ शास्त्री नगर स्थित आवास विकास कार्यालय का घेराव किया जाएगा। संगठन का दावा है कि आंदोलन को लेकर विभिन्न बाजारों के व्यापारियों और स्थानीय लोगों से लगातार संपर्क किया जा रहा है और उसे व्यापक समर्थन मिल रहा है।

जनसंपर्क अभियान में रविन्द्र गुर्जर, नितेश पंवार, आशु खरबंदा, विपिन भड़ाना, तरुण गोयल, सुदीप जैन, राहुल मलिक, नीरज गुर्जर, अंकित पहलवान, अभिषेक कुमार, अंकुश डागर, आदि शर्मा, धनराज सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts